राज्यसभा चुनाव को लेकर एनडीए की रणनीति तैयार, समर्थित उम्मीदवार के नामांकन में शामिल होंगे विधायक
रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपनी रणनीति तैयार कर ली है। रविवार शाम प्रदेश भाजपा कार्यालय में एनडीए विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्यसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सभी एनडीए विधायकों को सोमवार सुबह नौ बजे भाजपा विधायक नवीन जायसवाल के आवास पर एकत्रित होने का निर्देश दिया गया। इसके बाद सभी विधायक गठबंधन द्वारा समर्थित उम्मीदवार के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। राजनीतिक गलियारों में पूर्व कांग्रेस नेता और भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ के नाम की चर्चा चल रही थी, लेकिन उनके दिल्ली लौट जाने के जाने के बाद अटकलों का दौर और तेज हो गया है।
वहीं, यह भी चर्चा है कि उद्योगपति परिमल नाथवानी को भाजपा का समर्थन मिल सकता है। माना जा रहा है कि इसी वजह से भाजपा ने अभी तक अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। हालांकि पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
राज्यसभा चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन का दिन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि एनडीए के विधायक आखिर किस उम्मीदवार के नामांकन में शामिल होते हैं। इससे चुनावी समीकरण और गठबंधन की रणनीति की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी।



