सीआईएसएफ पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय रांची में जरुरतमंदों के बीच किया गया कंबल वितरण
रांची : सीआईएसएफ पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय रांची में सोमवार को एक एवं सामाजिक दायित्व से परिपूर्ण कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय श्री प्रबोध चन्द्रा महानिरीक्षक, सीआईएसएफ पूर्वी क्षेत्र के निर्देशन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर महानिरीक्षक ने स्वयं जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम का उद्देश्य शीत ऋतु के दौरान गरीब एवं असहाय वर्ग को राहत प्रदान करना तथा समाज के प्रति सीआईएसएफ की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को प्रदर्शित करना था।
उल्लेखनीय है कि प्रबोध चन्द्रा ने 01 जनवरी 2026 को सीआईएसएफ पूर्वी क्षेत्र के महानिरीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण किया है और यह कार्यक्रम उनके कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात आयोजित पहला जनकल्याणकारी कार्यक्रम रहा, जो उनके मानवीय एवं समाजोन्मुखी दृष्टिकोण को दर्शाता है।
कार्यक्रम में नीलोर पेरुमल्ल, उप महानिरीक्षक / पूर्वी खण्ड, शक्तिपाल सिंह शेखावत, सहायक महानिरीक्षक / पूर्वी खण्ड, रांची सहित पूर्वी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, जवान, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफ और समाज के बीच सहयोग, विश्वास एवं सेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। सीआईएसएफ अपने आदर्श वाक्य “संरक्षण एवं सुरक्षा” के अनुरूप भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करता रहेगा।



