चुनाव चिन्ह आवंटन पश्चात रांची नगर निगम अंतर्गत अभ्यर्थियों के साथ सामान्य एवं व्यय प्रेक्षकों की हुई बैठक

रांची: नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के अंतर्गत चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात आज अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता एवं निर्वाचन व्यय से संबंधित आवश्यक एवं सामान्य जानकारी प्रदान की गई।
रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सामान्य प्रेक्षक श्री संदीप कुमार दोराईबुरु एवं व्यय प्रेक्षक श्री ध्रुव कुमार द्वारा समाहरणालय परिसर में आयोजित बैठक के दौरान मेयर एवं वार्ड पार्षद पद के अभ्यर्थियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने एवं निर्वाचन व्यय से संबंधित नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
व्यय प्रेक्षक द्वारा बताया गया कि सभी अभ्यर्थियों को चुनाव से संबंधित व्यय हेतु नया बैंक खाता खुलवाना अनिवार्य है। निर्वाचन व्यय का विवरण तीन अलग-अलग रंगों के निर्धारित प्रपत्रों में भरकर समाहरणालय स्थित कक्ष जी-10 में जमा करना होगा।
इसके अतिरिक्त चुनाव प्रचार के दौरान वाहन के उपयोग हेतु संबंधित निर्वाची पदाधिकारी से अनुमति प्राप्त करना आवश्यक होगा। सभा एवं जुलूस के आयोजन के लिए संबंधित थाना को सूचित करते हुए आवेदन संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के पास जमा करना अनिवार्य है।
प्रेक्षकों द्वारा सभी अभ्यर्थियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की गई।
प्रेक्षकों द्वारा सभी अभ्यर्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा समस्या के लिए सीधे संपर्क करने की अपील की गई। इस क्रम में उन्होंने अपने मोबाइल नंबर भी साझा किए।
प्रेक्षकों द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि अभ्यर्थी राजकीय अतिथिशाला, सर्कुलर रोड, रांची स्थित कमरा संख्या-210 एवं 207 में अपराह्न 03ः30 बजे से 04ः30 बजे तक उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलकर निर्वाचन से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *