भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह सांसद डॉ. राधामोहन अग्रवाल ने हेमंत सरकार पर कसा तंज,कहा- राज्य चलाने की क्षमता नहीं तो गद्दी छोड़ दे हेमंत सरकार

रांची : पीएम मोदी के जन्मदिन पर झारखंड में भाजपा सेवा पखवाड़ा मना रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को संगठन के कई मोर्चा के साथ बैठक भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह राज्यसभा सांसद डॉ. राधामोहन अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कई दौर में चली बैठक के बाद मीडिया को उन्होंने संबोधित भी किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक तरफ 50 हजार करोड़ का घाटा सहकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता को अपने वादों के अनुरूप जीएसटी दरों में भारी कटौती कर राहत दिया है। दूसरी ओर हेमंत सरकार अपने दो हजार करोड़ का घाटा का रोना रोते हुए विरोध दर्ज कर रही। भाजपा की सरकार ने तो कभी पैसे की कमी का रोना नहीं रोया ।आज दुनिया का औसत विकास दर मात्र 3% है तो भारत का विकास दर पिछली तिमाही में 7.8% रहा है।
प्रधानमंत्री ने बजट में 12 लाख तक की आय पर टैक्स जीरो कर दिया है, जिससे भारत सरकार को तीन लाख करोड़ रुपए की आय घटी और अब जीएसटी में स्लैब घटाया तो 50 हजार करोड़ रुपए का घाटा होगा।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि अगर राज्य सरकार राज्य की जनता को सुविधा से वंचित रखना चाहती है तो ऐसी सरकार को गद्दी छोड़ देना चाहिए। सरकार जनता के हित के लिए बनती है। यहां तो हेमंत सरकार के बयानों से लगता है कि यह सरकार जनता का हित नहीं देखना चाहती। राज्य सरकार को तो जनता की भलाई के लिए उठाए कदम का स्वागत करना चाहिए था। लेकिन अपनी सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार और नाकामियों को छुपाने के लिए राज्य सरकार पैसे का रोना रोती है।
हेमंत सरकार बताए कि वह जनता की सेवा करना चाहती है या टैक्स वसूलने के लिए सरकार बनाए हैं।
उन्होंने देश की 144 करोड़ जनता के हित में मोदी सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसले का भारतीय जनता पार्टी स्वागत और अभिनन्दन करती है।देश की जनता को यह मोदी सरकार की ओर से त्योहारों केलिए बड़ा तोहफा है।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को जवाब देना चाहिए कि आखिर अमीर गरीब के लिए एक जैसा टैक्स स्लैब लाने की बात कर राहुल गांधी जनता को कैसी अर्थ व्यवस्था देने की बात करते हैं। यह तो अमीरों की दलाली और गरीबों को चूसने वाली सोच है। राहुल गांधी सारा धन 22 पसेरी करना चाहते हैं।प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष एवम नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी,प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक,सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह,प्रवक्ता अजय साह भी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *