केन्द्रीय बजट पर बोले भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह सांसद अरुण सिंह,भारत के भविष्य को सशक्त बनाने वाला है केंद्रीय बजट
रांची: भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद अरुण सिंह ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार प्रस्तुत केंद्रीय बजट को ऐतिहासिक, दूरदर्शी और भारत के भविष्य को सशक्त करने वाला बताया है। वे सोमावर को झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह बजट देश के प्रत्येक नागरिक के सपनों, आकांक्षाओं और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखने वाला है।
अरुण सिंह ने कहा कि यह बजट युवाओं के सपनों को उड़ान देगा, किसानों के विश्वास को मजबूत करेगा, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा और मध्यम व गरीब वर्ग को आर्थिक संबल प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि आज का भारत तेजी से रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी गई है। जिला स्तर पर बायोफार्मा केंद्रों की स्थापना से गुणवत्तापूर्ण और सुलभ इलाज सुनिश्चित होगा। टीडीएस से जुड़े आवेदन को समाप्त किया गया है तथा 17 जीवन रक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क घटाया या शून्य किया गया है। इससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। बच्चों की विदेश शिक्षा को भी सस्ता किया गया है।
उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान युवा उद्यमियों को प्रोत्साहित करेगा। पर्यटन क्षेत्र में युवा गाइडों के प्रशिक्षण की योजना और शिक्षा क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उच्चाधिकार समिति गठित करने का प्रस्ताव है। देश के हर जिले में महिला छात्रावास की स्थापना की जाएगी। ‘लखपति दीदी’ की तर्ज पर क्रेडिट लिंक्ड आजीविका से महिलाओं को उद्यम स्वामित्व से जोड़ा जाएगा।
कृषि क्षेत्र को मजबूती देने के लिए भारत विस्तार एआई टूल के माध्यम से तकनीक से जोड़ा जाएगा। राष्ट्रीय फाइबर योजना से रेशम उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। अमृत सरोवरों और जलाशयों में मत्स्य पालन, पशुपालन और पशु चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने के लिए पूंजी सब्सिडी योजना लागू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने में निरंतर कार्य कर रही है। आज भारत स्वदेशी हथियारों का निर्माण कर रहा है और रक्षा निर्यात में बड़ी भूमिका निभा रहा है। पिछले 11 वर्षों में स्वास्थ्य और रक्षा बजट तीन गुना तथा सड़क निर्माण में छह गुना वृद्धि हुई है।
झारखंड के संदर्भ में उन्होंने बताया कि राज्य को टैक्स मद में 51,236 करोड़ रुपये, ग्रांट्स-इन-एड में 17,057 करोड़ रुपये तथा विशेष सहायता अनुदान के रूप में 11,567 करोड़ रुपये मिलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की मौजूदा सरकार केंद्रीय राशि का दुरुपयोग कर रही है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक उपस्थित थे।



