रांची में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : गंभीर कांड का नामजद अभियुक्त गिरफ्तार
रांची (गणादेश ) : रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर आपराधिक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पिठोरिया थाना कांड संख्या 107/25 के तहत नामजद अभियुक्त खुर्शीद आलम (पिता – मो. कूदूस आलम), निवासी दर्जी मोहल्ला, को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उक्त मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 316(2), 318(4) एवं 61(2) के तहत दर्ज किया गया था, जो अत्यंत गंभीर प्रकृति का है। मामले की जांच के दौरान अभियुक्त की संलिप्तता स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



