उपायुक्त की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण एवं राजस्व विभाग से जुड़े मामलों की हुई समीक्षा बैठक
खूँटी: उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभागार में राजस्व संग्रहण, राजस्व विभाग एवं भू-अर्जन से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता श्री परमेश्वर मुण्डा, अनुमंडल पदाधिकारी दिपेश कुमारी, नोडल पदाधिकारी जन शिकायत कोषांग सहित सभी अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में राजस्व विभाग से जुड़े सभी मामलों की विशेष रूप से समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सम्पूर्ण रिपोर्ट का अवलोकन किया। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अंचल कार्यालय से जुड़े कोई भी मामला निर्धारित समय सीमा से अधिक लंबित न रहे। ईमानदारी पूर्वक अपने कार्यों का निर्वहन करते हुए प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। वहीं मामलों को रिजेक्ट करने की परिस्थिति में स्पष्ट कारण दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व विभाग के अंतर्गत भू-लगान एवं सेस संग्रहण प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई। इस क्रम में सभी अंचल अधिकारियों को अपने दायित्वों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने एवं अनावश्यक मामलों को लंबित न रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सक्सेसन म्यूटेशन, परिशोधन ग्रीवांस, सर्टिफिकेट केस, सर्टिफिकेट, अवैध जमाबंदी समेत अन्य की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को आमजनों की समस्याओं का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया, कैम्प आदि के माध्यम से समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए, जिससे आमजनों को समस्या न हो। अंचल कर्मियों को अनिवार्य रूप से बायो मेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान के मामलों को लंबित न रखने का निर्देश दिया गया। इसके अलावे टाना भगत से सम्बंधित अंचल वार अद्यतन विवरणी की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए, राजस्व से संबंधित कार्यों को गति देने तथा पारदर्शिता एवं ससमय कार्य सुनिश्चित करने पर बल दिया।



