पलामू,चतरा पर गठबंधन जल्द फैसला ले,नहीं तो राजद पांच सीटों पर चुनाव लड़ेगी : संजय प्रसाद यादव

रांची: झारखंड में लोकसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों को लेकर अबतक फाइनल नहीं हो पाया है। खासकर चतरा और पलामू को लेकर राजद और कांग्रेस के बीच मामला फंसा हुआ है। गठबंधन में राष्ट्रीय जनता दल किसी भी कीमत पर पलामू और चतरा सीट छोड़ने के मूड में नहीं है। वहीं कांग्रेस एक ही सीट देने के लिए तैयार है। बीते शनिवार को प्रेस क्लब में कांग्रेस की बैठक के बाद मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी ही हिस्सेदारी वाला फंडा होगा। गठबंधन में राजद को एक ही सीट देने पर चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले पर उत्पन्न समस्या का समाधान हो जाएगा।
राष्ट्रीय जनता दल के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने कहा कि राजद किसी भी कीमत पर झारखंड में गठबंधन के तहत दो सीट पलामू और चतरा में अपने प्रत्याशी उतारेगी। यदि कांग्रेस जल्द ही इसपर अपना स्टैंड किल्यार नहीं करती है तो वैसी स्थिति में राजद एकला चलो का सिद्धांत अपना सकती है। राजद पलामू,चतरा,कोडरमा,धनबाद और गोड्डा पर अपने प्रत्याशी को उतार सकती है। एक दो दिनों के अंदर इस पर फैसला पार्टी ले लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *