लोकसभा आम चुनाव के निमित्त डेडीकेटेड पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण का आयोजन

खूंटी: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, लोकेश मिश्रा के निर्देशन में आगामी लोकसभा आम चुनाव 2024 के कार्यों का सफल संचालन हेतु समाहरणालय सभागार में डेडीकेटेड पुलिस पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
इस दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गाॅडवीन कुजूर द्वारा चुनाव के कार्यों के सफल संचालन करने हेतु मतदान से पूर्व पुलिस पदाधिकारियों को उनके दायित्वों, कार्य क्षेत्र व कार्य प्रणाली से विस्तार से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन निर्भीक, शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ मतदान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान वलनरेबिलिटी मैंपिंग से संबंधित सभी प्रपत्रों को सही तरीके भरने की जानकारी दी गई। साथ ही मतदान केन्द्रों पर मतदान केंद्र का नाम, दिवाल लेखन, भवन की स्थिति, बिजली, पानी (पेयजल), शौचालय, रैम्प, उपस्कर, मार्गीय सुविधा, दूर संचार आदि की संपूर्ण मैपिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सेक्टर अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करेंगे।
डेडीकेटेड पुलिस पदाधिकारियों को बताया गया कि बूथ का विभाजन दो तरीके से हो रहा है। इसमें क्रिटिकल एंड नॉन क्रिटिकल बूथ है। साथ ही वलनेरेबल और क्रिटीकल के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। निर्देशित किया गया कि वलनरेबिलिटी मैपिंग के दौरान पूरी जानकारी सही-सही दर्ज करेंगे। वलनरेबिलिटी मैपिंग के दौरान अपने-अपने क्षेत्र का कम से कम तीन बार दौरा अवश्य करेंगे। प्रशिक्षण के दौरान वलनरेबिलिटी मैपिंग को लेकर प्रपत्र वीएम-1, वीएम-2 एवं वीएम-3 के बिंदुओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
डेडीकेटेड पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निर्वाचन कार्य की महत्ता को घ्यान में रखते हुए अपने कार्यों के सफल निष्पादन करते हुए अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों पर स्वतंत्र व निष्पक्ष मतदान कराना सुनिश्चित करेंगे। बताया गया कि चुनाव के दौरान कतिपय लोगों द्वारा नकद अथवा वस्तु के अनुचित प्रभाव या बल का प्रयोग कर मतदाताओं को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से मतदान करने से रोका या प्रभावित किया जा सकता है। ऐसे व्यक्ति या अन्य कारक जो ऐसा करते हैं, उनकी पहचान कर चुनाव से पूर्व ही पर्याप्त सुधारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रशिक्षण दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी विजय नाथ मिश्रा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा चुनावी कार्य से संबंधित विशिष्ट बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *