तेज रफ्तार कार ने एक युवक को टक्कर मारा, घसीटते हुए एक किलोमीटर तक ले गए,बुरी तरह घायल
रांची: झारखंड के साहिबगंज में मंगलबार रात्रि को एक खौफनाक घटना सामने आई है।साहिबगंज नगर थाना क्षेत्र स्थित साहिबगंज स्टेशन के पास मंगलवार रात करीब 9:35 बजे तेज रफ्तार कार ने एक युवक को टक्कर मार दी और उसे लगभग एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए।जानकारी के अनुसार, ग्रीन होटल के समीप मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे कॉलेज रोड निवासी मो. साहिन अमन को तेज रफ्तार कार ने पैर पर चढ़ा दिया। विरोध करने पर कार में बैठे एक व्यक्ति ने खिड़की से उसका हाथ पकड़ लिया, जिससे वह कार में लटक गया। इसके बाद चालक वाहन को तेजी से भगाता रहा।युवक जान बचाने के लिए चिल्लाता रहा, जबकि पीछे से दर्जनों लोग कार का पीछा करते रहे। इस दौरान कई अन्य लोग भी वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। कार सवार युवक को स्टेशन के सामने रेलवे इंस्टीट्यूट की गली होते हुए रेलवे पीर-दरगाह के पास फेंककर फरार हो गए।स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। युवक के हाथ, सीने और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।जांच में पता चला है कि संबंधित कार 5 अक्टूबर 2025 को लोन पर खरीदी गई थी और यह पंकज कुमार के नाम पर पंजीकृत है। वाहन रांची का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घायल के साथी मो. अमन ने आरोप लगाया कि कार सवार नशे में थे और लापरवाही से वाहन चला रहे थे। पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।



