मुखर्जी जी की प्रतिमा पर कालिख पोतने वाले अपराधी जल्द हों गिरफ्तार, नहीं तो भाजपा करेगी आंदोलन : आदित्य साहू

रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राँची के हरमू में महान राष्ट्रभक्त एवं राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त एवं अपमानित करने के प्रयास को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बतलाया है।

उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएँ हमारी राष्ट्रीय चेतना और गौरव का प्रतीक हैं। उनका अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

श्री साहू ने कहा कि जिस प्रकार भारत मां के महान सपूत श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर जो कालिख पोतकर घृणित कार्य किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण और अक्षम्य है। इस घटना से भाजपा के कार्यकर्ता से लेकर आम लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

श्री साहू ने कहा कि झारखंड राज्य में अपराधियों का खौफ पुलिस प्रशासन से समाप्त हो चुका है। राज्य की वर्तमान सरकार के शासनकाल में असामाजिक एवं राष्ट्रविरोधी तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे हमारे महापुरुषों के सम्मान पर भी आघात करने का दुस्साहस कर रहे हैं। उन्होंने राज्य सरकार एवं पुलिस-प्रशासन से मांग किया कि इस घिनौनी हरकत में शामिल तत्वों को अविलंब चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए तथा उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो। अगर अपराधी जल्द नहीं पकड़े गए तो भाजपा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

श्री साहू ने कहा कि मुखर्जी जी ऐसे व्यक्तित्व थे जो कश्मीर में जाकर धारा 370 को समाप्त करने के लिए बड़े आंदोलन की तैयारी की थी। जैसे ही वे पठानकोट में प्रवेश किए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और जेल में डाल दिया गया। एक षड्यंत्र के तहत तत्कालीन सरकार के समय में जेल में ही उनकी हत्या करने का काम किया गया। फिर उनके सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने साकार किया और धारा 370 को हटाया। वैसे महान सपूत जो जीवन पर्यन्त देश के लिए लड़ाई लड़ते रहे, उनकी प्रतिमा पर कालिख पोतना बड़ी शर्मनाक घटना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *