झारखंड कैंसर सेंटर के स्थापना दिवस पर कैंसर सर्वाइवर्स ने साझा किए अनुभव, डॉक्टरों ने समय पर इलाज पर दिया जोर
रांची : राजधानी रांची के कोकर स्थित झारखंड कैंसर सेंटर के तृतीय स्थापना दिवस के अवसर पर कैंसर सर्वाइवर मीट एवं प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्पताल की उपलब्धियों, आधुनिक कैंसर उपचार सेवाओं तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और यह संदेश देना था कि समय पर जांच एवं सही उपचार से कैंसर को हराया जा सकता है।
100 बेड वाले इस समर्पित कैंसर अस्पताल ने कम समय में झारखंड सहित आसपास के राज्यों में अपनी अलग पहचान बनाई है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य कैंसर मरीजों को एक ही छत के नीचे आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में अस्पताल की निदेशक श्वेता नारायण, मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. कुमार सौरव, सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अमर प्रेम, डॉ. आनंद महम और ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. महेंद्र अघोरी ने मीडिया को संबोधित किया। डॉक्टरों ने कहा कि यदि कैंसर की समय पर जांच हो जाए तो उसका उपचार काफी आसान और प्रभावी हो सकता है। उन्होंने लोगों से शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
इस दौरान कैंसर को मात देकर स्वस्थ जीवन जी रहे कई कैंसर सर्वाइवर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सही समय पर इलाज, डॉक्टरों की सलाह और परिवार के सहयोग से उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को हराया। उनके अनुभवों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावुक भी किया और प्रेरित भी।
अस्पताल प्रबंधन ने झारखंड की जनता, डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड कैंसर सेंटर आने वाले समय में भी अत्याधुनिक और मानवीय कैंसर उपचार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।



