उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने को दिए कई निर्देश
खूंटी : डीसी मो. जावेद हुसैन ने शुक्रवार को सदर अस्पताल खूंटी का निरीक्षण कर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, SNCU, ICU, OPD, जांच घर, मातृ-शिशु अस्पताल, चिकित्सक कक्ष समेत कई विभागों का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।
उपायुक्त ने OPD एवं इमरजेंसी वार्ड के संचालन की विस्तृत जानकारी लेते हुए विभागवार चिकित्सकों की संख्या और उपस्थिति की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा डॉक्टर पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। रोस्टर के अनुसार चिकित्सक, एएनएम, जेएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, मेडिकल वेस्ट प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने शौचालयों और वार्डों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण कर दवाओं के स्टॉक की जानकारी ली और उपलब्ध दवाओं को प्रतिदिन मरीजों के बीच वितरित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने ICU के बेहतर संचालन एवं अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए मरीजों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही PSA प्लांट को जल्द चालू करने के लिए सिविल सर्जन एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
लैब संचालन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जांच घर के बाहर सभी जांचों का रेट चार्ट प्रदर्शित करने, गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि सदर अस्पताल खूंटी स्थित डीपीएच लैब में राशन कार्डधारी एवं बीपीएल परिवारों के लिए 80 से अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध हैं। इनमें लीवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, ब्लड शुगर, सीबीसी, डेंगू, मलेरिया, एचआईवी, थायरॉइड प्रोफाइल, विटामिन बी12, विटामिन डी, प्रेगनेंसी टेस्ट और यूरिन जांच समेत कई महत्वपूर्ण जांच शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, सिविल सर्जन, उपाधीक्षक, डीडीएम, डीपीसी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



