चिराग पासवान बोले, अब बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट… यह विकास की राजनीति का वक्त है
भागलपुर। जिले के कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के सन्हौला स्थित भुडिया महियाम में बुधवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एनडीए प्रत्याशी शुभानंद मुकेश के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव सिर्फ सरकार बदलने का नहीं, बिहार के अगले पांच साल का भविष्य तय करने का चुनाव है। चिराग ने मंच से ऐलान किया – बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट हमारा नारा है। अब राज्य को परिवारवाद से ऊपर उठाना है। यह समय स्वर्णिम है, बिहार नई दिशा में बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सर्वे बता रहे हैं कि राज्य में एनडीए की सरकार बनने जा रही है। मैंने अब तक 20 विधानसभा क्षेत्रों में भाषण दिया है, और जहां-जहां गया हूं, जनता का उत्साह गजब का है। बीते 20 सालों में बिहार ने प्रगति की राह पकड़ी है। आने वाले 5 सालों में यह और विकसित बिहार बनेगा, चिराग ने कहा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार दिन-रात बिहार के विकास को लेकर गंभीर है। जाति, धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर सबका साथ, सबका विकास का सपना साकार हो रहा है।
गरीबी और महिला सशक्तिकरण पर बात करते हुए चिराग ने कहा – देश के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। मुख्यमंत्री ने बिहार की महिलाओं को 10-10 हजार रुपए की सहायता दी है, और अब रोजगार के लिए 2 लाख तक की मदद देने का संकल्प लिया है।
चिराग ने अपने अंदाज में नया माई समीकरण भी पेश किया यहां एम मतलब महिला और वाइ का मतलब युवा है। हमारी सरकार इन्हीं दो ताकतों के साथ आगे बढ़ रही है।
महागठबंधन पर तंज कसते हुए चिराग ने कहा – जो लोग पिता, माता और अब पुत्र को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, उन्हें बिहार ने कई मौके दिए, अब नहीं। इस बार जनता डबल इंजन की सरकार चुनकर बिहार को नई उड़ान देगी।



