वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की झारखंड कार्यकारिणी घोषित, दीपक ओझा बने प्रदेश अध्यक्ष
पटना/रांची (गणादेश) : वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूजेएआई) ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल की स्वीकृति के उपरांत राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि (पिक्कू) ने नई कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा की। नई टीम के गठन के साथ संगठन ने झारखंड में वेब पत्रकारों के अधिकार, सम्मान, सुरक्षा और संगठनात्मक विस्तार को नई गति देने का संदेश दिया है। नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ पत्रकार दीपक ओझा को झारखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजीव रंजन, मुकेश कुमार और दिलीप कुमार को उपाध्यक्ष, पूर्णेन्दु पुष्पेश को महासचिव, पंकज जैन, राकेश कुमार एवं अमित सिन्हा को सचिव, शशि पंडो पांडे और नवीन शर्मा को संयुक्त सचिव, शिवशंकर पांडे को कोषाध्यक्ष तथा राजीव कुमार सिंह को कार्यालय सचिव बनाया गया है।
नई कार्यकारिणी को मिली अहम जिम्मेदारियां
कार्यसमिति में चितरंजन पांडे, अभिषेक भगत, मनोज शर्मा, कन्हैया पांडे, संजय सत्पथी, कैलाश गोस्वामी, कमल कुमार, हेमंत कुमार, दीपक कुमार ओझा, सुमित राय, प्रेम सिन्हा, बिटु कुमार तथा बिट्टू कुमार सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया है। संगठन ने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया देशभर के वेब पत्रकारों की आवाज को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड की नई टीम संगठन की नीतियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार और वेब पत्रकारिता को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पत्रकार हित और संगठन विस्तार पर रहेगा फोकस
राष्ट्रीय महासचिव मधुप मणि (पिक्कू) सहित राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दीपक ओझा ने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के सभी जिलों में संगठन का व्यापक विस्तार किया जाएगा। रिक्त पदों पर शीघ्र योग्य एवं सक्रिय पत्रकारों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि संगठन को जिला स्तर तक मजबूत बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा की रक्षा के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। साथ ही वेब पत्रकारिता की विश्वसनीयता, एकजुटता और पेशेवर मूल्यों को सशक्त बनाने के लिए प्रदेशभर में प्रभावी अभियान चलाया जाएगा।


