बंद घरों और सरकारी आवासों में चोरी के पांच आरोपी गिरफ्तार
बोकारो: बोकारो जिला में दिनदहाड़े बंद घरों और सरकारी आवास को निशाना बनाने वाले इंटर-स्टेट चोर गिरोह का बोकारो पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। धनबाद के जोरापोखर और झरिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने गिरोह के 5 सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह झारखंड और बंगाल के कई जिलों में चोरी की वारदात को अंजाम देता था।पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से बड़ी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी और चोरी का सामान जब्त किया है ।गिरोह का मुख्य सरगना राजू अंसारी है, जो धनबाद के जोरापोखर का रहने वाला है। उसके साथ फैयाज अंसारी और आबिद अंसारी भी इस गैंग के अहम सदस्य बताए गए हैं।
बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी कि यह अपराधी आमतौर पर दो बाइक में सवार होकर दिन में ही बंद घरों को निशाना बनाते थे। विशेष रूप से ये सरकारी आवास को टारगेट करते थे। गिरोह के पकड़े जाने से जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। पुलिस टीम लगातार गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।



