82 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ को 10 ज़ोन में बांट होगी मॉनिटरिंग, श्रद्धालुओं को नहीं होगी असुविधा : नितिन नवीन
भागलपुर। श्रावणी मेले में लाखों कांवरियों की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए माननीय पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन द्वारा शनिवार को कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान माननीय मंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और अनुभवों को जाना, तथा व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों को अंतिम चरण में चल रहे कार्यों को तत्परता से पूर्ण करने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधिगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस संबंध में मंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह पथ निर्माण विभाग द्वारा इस बार भी कांवरिया पथ का निर्माण किया गया है। श्रधालुओं की यात्रा और बेहतर बनाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन पर लगातार कार्य किया जा रहा है। ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए इस वर्ष भी कांवरियों के लिए अलग पथ की व्यवस्था की गयी है। इस पथ पर गंगा बालू का इस्तेमाल किया गया है, ताकि श्रधालुओं को चलने में कोई कठिनाई ना हो। हर जगह स्वास्थ्य कैंप, पानी और शौचालय की व्यवस्था मौजूद रहे इसके लिए प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। साथ ही थोड़ी-थोड़ी दूरी पर बैठने की भी व्यवस्था की गयी है।
वहीं, पथ निर्माण मंत्री द्वारा सुल्तानगंज स्थित निरीक्षण भवन में तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक भी की गयी। बैठक उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री ने बताया कि 105 किलोमीटर लंबे कांवरिया पथ में करीब 82 किलोमीटर का पैच बिहार में आता है। इसमें से 76 किलोमीटर के पैच पर विभाग द्वारा काम किया जा रहा है। OPRMC के तर्ज पर इस बार 5 साल के लिए निवेदा प्रक्रिया की गई है, ताकि सड़कों के संधारण का काम और बेहतर तरीके से हो सके। 76 किलोमीटर के इस पूरे पैच में भागलपुर में करीब 8 किलोमीटर, मुंगेर में करीब 24 किलोमीटर और बांका में करीब 49 किलोमीटर का निर्माण कार्य जारी है। इस 82 किलोमीटर के पूरे पैच को 10 ज़ोन में बांटा गया है, जिसकी मॉनिटरिंग एग्जीक्यूटिव इंजिनियर और जेई द्वारा की जायेगी।
वहीं, मंत्री नवीन ने कहा कि आज बाबाकी नगरी से जिलावासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आया हूं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पटना के मरीन ड्राइव के तर्ज पर भागलपुर से मुंगेर तक गंगा किनारे 100 किमी लंबा फोरलेन मरीन ड्राइव बनाने की योजना पर काम चल रहा है। यह योजना क्षेत्र के विकास, पर्यटन और श्रद्धालुओं के लिए ऐतिहासिक सौगात साबित होगी।



