चंदन मिश्रा हत्याकांड में अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार

पटना : पटना के बहुचर्चित चंदन मिश्रा हत्याकांड में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार STF और पश्चिम बंगाल STF की संयुक्त टीम ने कोलकाता के न्यूटाउन स्थित “सुखबृष्टि” अपार्टमेंट से 6 शूटरों को पकड़ा, जिनमें मुख्य आरोपी तौसीफ उर्फ बादशाह भी शामिल है। जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की साजिश पुरुलिया जेल में बंद कुख्यात अपराधी शेरू सिंह ने रची थी, जो पहले बेऊर जेल में चंदन के साथ था और दोनों के बीच झगड़े के बाद दुश्मनी हो गई थी।

घटना 17 जुलाई को पटना के पारस अस्पताल के ICU में हुई थी, जहां 6 हथियारबंद अपराधी घुसे और चंदन मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने कोलकाता में छापेमारी की। वहीं, पटना और बक्सर से 3 सहयोगी भी गिरफ्तार किए गए। इसके अलावा कोलकाता के एक गेस्ट हाउस से 2 महिलाओं समेत चार और को पकड़ा गया, जिससे कुल गिरफ्तारी की संख्या 10 हो गई है।

पुलिस लापरवाही के चलते कई पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इस हत्याकांड ने सुरक्षा व्यवस्था और जेल में बैठे अपराधियों की गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच अब भी जारी है और पुलिस को कुछ और संदिग्धों की तलाश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *