मुरहू में तेज हवा व मूसलाधार बारिश से सड़क पर गिरा विशाल पेड़, घंटों ठप रहा यातायात — उप प्रमुख अरुण साबू ने मोर्चा संभाल कर बहाल की आवाजाही
खूंटी: मुरहू-खूंटी मुख्य मार्ग पर रविवार देर शाम आई तेज हवा और मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज रफ्तार हवा से एक विशाल आम का पेड़ बीच सड़क पर गिर गया, जिससे दोनों ओर से आवागमन पूरी तरह रुक गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
करीब एक घंटे तक जब जिला प्रशासन या पुलिस की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची, तो मुरहू के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने स्वयं कमान संभाली। उन्होंने समाजसेवी महेश गुप्ता, शशि कुमार, बबून, शिवलू खान और स्थानीय ग्रामीण एडवर्ड मुंडा के साथ मिलकर राहत कार्य शुरू किया।
शिवलू खान ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगवाई, जिसके सहयोग से पेड़ को काटकर सड़क से हटाया गया। लगभग रात 9 बजे मार्ग पूरी तरह साफ हो सका और यातायात फिर से सुचारु हुआ।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मिलने के बावजूद जिला प्रशासन, थाना प्रभारी या किसी पुलिसकर्मी के मौके पर न पहुंचने पर नाराजगी व्यक्त की।

उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि “विपरीत परिस्थितियों में भी जनहित में काम करना हमारा दायित्व है। स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद मैंने साथियों और ग्रामीणों के सहयोग से सड़क को अवरोधमुक्त कराया, ताकि लोगों को परेशानी न हो।”
घटना की जानकारी मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे और उप प्रमुख व स्थानीय लोगों के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि अस्वस्थ रहते हुए भी इस प्रकार का जनसेवा कार्य करना प्रेरणादायक है और अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए मिसाल है।



