जिला स्तरीय मशाल प्रतियोगिता अब 20 से 23 अगस्त तक होगी आयोजितबाढ़ के चलते बदली गई तिथि, तैयारी अंतिम चरण में

भागलपुर। जिले में खेल प्रतिभाओं की खोज के उद्देश्य से आयोजित होने वाली जिला स्तरीय मशाल प्रतियोगिता 2025 अब 20 अगस्त से 23 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। पहले यह प्रतियोगिता 11 से 14 अगस्त तक निर्धारित थी, परंतु जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए इसकी तिथि में बदलाव किया गया है।

प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (पटना), शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन, भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। तिथि परिवर्तन का निर्णय जिला पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा लिया गया, ताकि किसी भी चयनित खिलाड़ी को प्रतियोगिता में भाग लेने से वंचित न रहना पड़े। हालांकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।

प्रतियोगिता स्थल और आयु वर्ग:
प्रतियोगिता सैन्डिस कंपाउंड और खेल भवन, भागलपुर में आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता दो आयु वर्गों – अंडर-14 एवं अंडर-16 के लिए होगी।

अंडर-14 आयु वर्ग की प्रतियोगिता 20 और 21 अगस्त को आयोजित की जाएगी, जिसमें 224 बालिकाएं एवं 336 बालक भाग लेंगे।

अंडर-16 वर्ग की प्रतियोगिता 22 और 23 अगस्त को होगी, जिसमें 224 बालिकाएं और 448 बालक हिस्सा लेंगे।
कुल मिलाकर प्रतियोगिता में 1232 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

व्यवस्थाओं की तैयारी पूर्ण:
प्रत्येक प्रखंड से 8 दल प्रभारियों के अनुसार 128 शारीरिक शिक्षा शिक्षक/शिक्षिकाएं और प्रतियोगिता संचालन हेतु लगभग 50 तकनीकी पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे।

उम्र निर्धारण और चयन प्रक्रिया:
जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जो प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित हुए हैं। उम्र की गणना 31 दिसंबर 2024 के आधार पर की जाएगी। सभी प्रतिभागियों को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई गई टी-शर्ट/पोशाक पहनना अनिवार्य होगा।

पुरस्कार एवं चयन:
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को ₹2500

द्वितीय स्थान वालों को ₹1500

तृतीय स्थान पाने वालों को ₹1000
के साथ मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी मिलेगा।

प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान के लिए विशेष चयन समिति गठित की गई है, जो उनके प्रदर्शन पर नजर रखेगी।

व्यवस्था पर विशेष ध्यान:
प्रतियोगिता स्थल और आवासन केंद्रों पर चिकित्सा सुविधा, पुलिस व्यवस्था और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयारियां पूरी करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *