चतरा में गेरुआ नदी का जलस्तर बढ़ा,ग्रामीणों को हो रही प्रशानी, बाइक पर सवार तीन युवक तेज बहाव के बीच फंसे,पुलिस ने बचाई जान
रांची : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र में गेरुआ नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से दो बाइक पर सवार तीन युवक तेज बहाव के बीच फंस गए। इस दौरान दोनों बाइक भी नदी की तेज धार में बह गईं। घटना टंडवा स्थित गेरुआ नदी पर बने पीपा पुल की है। गनीमत रही कि पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से तीनों युवकों की जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, नदी का जलस्तर बढ़ने और पानी का बहाव तेज होने के बावजूद दो बाइक पर सवार तीन युवकों ने नदी पार करने का प्रयास किया। जैसे ही वे नदी के बीच पहुंचे, अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। स्थिति बिगड़ने पर तीनों युवक मझधार में फंस गए और मदद के लिए शोर मचाने लगे। कुछ ही देर में उनकी दोनों बाइक भी तेज धार में बह गईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पप्पू कुमार शर्मा के निर्देश पर पुलिस गश्ती दल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रामगढ़ निवासी दो युवक किसी तरह तैरकर सुरक्षित नदी के किनारे पहुंचने में सफल रहे। वहीं उड़सू निवासी संजय पासवान तेज बहाव की चपेट में आ गए और डूबने लगे। बताया गया कि कुछ देर बाद वह बेहोश भी हो गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जवानों और ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए संजय पासवान को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज किया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद टंडवा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने पर किसी भी परिस्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। तेज बहाव में वाहन लेकर जाना बेहद खतरनाक हो सकता है। पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।


