JSSC-CGL परीक्षा धांधली मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

रांची: झारखंड स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (JSSC-CGL) में कथित अनियमितता और धांधली के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सीआईडी ने परीक्षा संचालन में गड़बड़ी से जुड़े मामले में दो मुख्य आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और कथित तौर पर परीक्षा में हुई अनियमितता के नेटवर्क से सीधे जुड़े हुए थे।
सीआईडी के अनुसार, परीक्षा संचालन में अनियमितता के संबंध में दर्ज CID थाना कांड संख्या 01/2025 की जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमांश प्रकाश, पिता भरत जी तिवारी, निवासी असकामिनी नगर, मॉडर्न आईटीआई/आईएएस कॉलेज रोड के पास, बिक्रमगंज, रोहतास (बिहार) और राहुल कुमार, पिता संजय कुमार मिश्रा, निवासी चान्दसराय, थाना महुआ, जिला वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है।
जांच टीम ने दोनों आरोपियों को दिल्ली के सेंट्रल जिले के बुराड़ी थाना क्षेत्र स्थित पर्वतीय अंचल संत नगर से गिरफ्तार किया। दोनों की गिरफ्तारी C-81, अपर ग्राउंड फ्लोर स्थित परिसर से की गई।
बता दें कि JSSC-CGL परीक्षा का आयोजन 21 और 22 सितंबर 2024 को किया गया था। परीक्षा के दौरान कथित अनियमितता और धांधली को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए सीआईडी अब गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
सीआईडी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े अन्य लोगों, नेटवर्क और पूरे मामले में उनकी भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। जांच एजेंसी संभावित अन्य आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *