रांची नगर निगम की आय बढ़ाने पर महापौर सख्त, बकायेदारों पर होगी कार्रवाई
रांची: रांची नगर निगम के आंतरिक राजस्व संग्रहण में वृद्धि को लेकर शुक्रवार को महापौर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में निगम परिषद की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और राजस्व के विभिन्न स्रोतों से वसूली में तेजी लाने पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षदों, नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त सहित निगम के विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, विज्ञापन शुल्क, बाजार एवं दुकान किराया, जल कर, पार्किंग शुल्क और यूजर चार्ज समेत राजस्व के सभी स्रोतों की समीक्षा की गई। पिछले वित्तीय वर्षों की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष के राजस्व संग्रहण का आकलन किया गया। साथ ही निर्धारित लक्ष्य और वास्तविक वसूली के बीच के अंतर पर भी चर्चा हुई।
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक राजस्व संग्रहण बढ़ाना जरूरी है। इसके लिए सभी राजस्व स्रोतों का बेहतर उपयोग करते हुए वसूली की प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
महापौर ने चेतावनी दी कि बार-बार नोटिस देने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राजस्व वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदारी निभाने में उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
बैठक में पार्षदों ने भी राजस्व नुकसान रोकने और निगम की आय बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

