संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस का विशाल मार्च, हजारों कार्यकर्ताओं ने बुलंद की आवाज

रांची: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राजधानी रांची में विशाल संविधान रक्षा मार्च निकाला गया। इसमें राज्य के सभी जिलों से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। मार्च के जरिए संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की रक्षा का संकल्प दोहराया गया।
मार्च की शुरुआत डोरंडा स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुराना हाईकोर्ट, हिनू चौक होते हुए बिरसा चौक तक मार्च निकाला। यहां पहुंचकर मार्च सभा में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और सम्मान का अधिकार देता है। संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस इसके लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संविधान रक्षा मार्च केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का जनसंकल्प है। संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता पर सवाल उठने के दौर में कांग्रेस जनता के बीच अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
मार्च में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक डॉ. इरफान अंसारी, बंधु तिर्की, सुबोधकांत सहाय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *