मुंह से लिखकर मैट्रिक में 93.8% अंक लाने वाले फैजानुल्लाह से मिले मुख्यमंत्री, हरसंभव मदद का दिया भरोसा

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से गुरुवार को झारखंड विधानसभा में गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने छात्र की असाधारण उपलब्धि और शिक्षा के प्रति उसके जज्बे की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित फैजानुल्लाह दांतों के सहारे पेन पकड़कर यानी मुंह से लिखकर पढ़ाई करते हैं। तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है। उनका नामांकन गोड्डा के यूएचएस शिवाजीनगर में था।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान फैजानुल्लाह ने अपनी पढ़ाई और परीक्षा में सफलता के अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि फैजानुल्लाह की उपलब्धि केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यह सफलता समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उल्लेखनीय है कि फैजानुल्लाह की पढ़ाई झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम बेस्ड एजुकेशन (एचबीई) के माध्यम से हुई है। शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़कर हासिल की गई उनकी यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है। इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *