सेफर इंटरनेट डे” पर कार्यशाला का आयोजन, सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग को लेकर दी गई जानकारी
खूंटी: इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर मंगलवार को सेफर इंटरनेट डे” (सुरक्षित इंटरनेट दिवस) के अवसर पर उपायुक्त आर० रॉनिटा के निर्देश पर जिला सूचना विज्ञान कार्यालय खूँटी द्वारा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, खूंटी में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त आलोक कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक ITDA श्री आलोक शिकारी कच्छप, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी श्री राजीव रंजन, जिला सूचना एवं विज्ञान शाखा के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक एवं छात्राएं उपस्थित रहे।
जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी द्वारा उप विकास आयुक्त समेत सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया गया तथा कार्यशाला के उद्देश्यों एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त ने छात्राओं एवं शिक्षकों को सेफर इंटरनेट डे के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्मार्ट तकनीक के सुरक्षित विकल्पों, इंटरनेट के जिम्मेदार उपयोग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सुरक्षित एवं नैतिक उपयोग पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि आज के अत्याधुनिक युग में इंटरनेट के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। समय के साथ हम इंटरनेट पर पूरी तरह निर्भर हो गए हैं और महज कुछ सेकेंड में कई कार्य पूरे कर पा रहे हैं। ऐसे में इंटरनेट का सुरक्षित और समझदारीपूर्ण उपयोग अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि इसके दुरुपयोग से समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
इसके अलावा परियोजना निदेशक ITDA एवं जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी द्वारा भी छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सावधानियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।



