नवगछिया प्रमंडल में बाढ़ सुरक्षा को लेकर युद्धस्तर पर कार्य जारी
भागलपुर। नवगछिया प्रमंडल क्षेत्र में बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए जल संसाधन विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्यरत है। विभाग द्वारा संवेदनशील स्थलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार बाढ़ सुरक्षा से संबंधित कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
भागलपुर जिला के गोपालपुर प्रखंड स्थित ब्रहमोतर बाँध की सुरक्षा के लिए जिला आपदा शाखा एवं वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार आवश्यक बाढ़ नियंत्रण कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण कर लिया गया है। वहीं खरीक प्रखंड में गंगा नदी के बाएं तट पर अवस्थित काजीकोरैया-राघोपुर मार्जिनल बाँध के मजबूतीकरण का कार्य भी संपन्न हो चुका है। वर्तमान में दोनों स्थल सुरक्षित स्थिति में हैं।
इस बीच गोपालपुर प्रखंड के ईसमाईलपुर-बिन्द टोली तटबंध के अंतिम छोर पर स्थित स्पर संख्या-09 में नदी के अत्यधिक दबाव और अंडरमाइनिंग के कारण लगभग 60 मीटर हिस्से में संरचना क्षतिग्रस्त हो गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षण अभियंता, भागलपुर, मुख्य अभियंता, कटिहार सहित वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार तत्काल राहत एवं मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। स्थल पर बाढ़ नियंत्रण कार्य प्रगति पर है तथा कटाव को रोकने के लिए आवश्यक उपाय युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं।
इसी के साथ अन्य संभावित प्रभावित स्थलों पर भी विभागीय टीमें सतर्क हैं। क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



