महागठबंधन को लेकर जल्द फैसला ले कांग्रेस, हम इंतजार कर रहे : नीतीश

पटना: पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में आयोजित महागठबंधन की रैली में बीजेपी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग उपस्थित हैं। महागठबंधन के दलों ने तय किया था कि हम लोग एक साथ की सभा पूर्णिया में शुरू करेंगे। भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में जो दो लोग नेता कहलाते हैं, एक पीएम और एक गृह मंत्री ने यहां आकर भाषण दिया था। क्या क्या बोल रहे थे? ये क्या देश की आजादी को जानते हैं। ये लोग तो अपनी पार्टी के नेताओं को भी नहीं जानते हैं, बस हर चीज पर कब्जा करते हैं।
नीतीश ने कहा-यहां पत्रकार लोग देख लीजिए। भाजपा वाले कहीं जाते हैं तो कुछ से कुछ बोलते हैं। कहा कि जब मैं उनको छोड़कर इधर आया तो देश भर के हर राज्य से विभिन्न पार्टियों ने फोन करके धन्यवाद दिया। नीतीश कुमार ने महागठबंधन को लेकर कहा कि विपक्षी मोर्चेबंदी के लिए हम कांग्रेस का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस महागठबंधन को लेकर जल्द फैसला ले। अगर लोकसभा चुनाव 2024 से पहले हम एकजुट हो जाएंगे तो भाजपा 100 सीट भी नहीं ला पाएगी। अगर जल्दी नहीं करेंगे तो नुकसान होगा।
बीजेपी ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया
सीएम ने आगे कहा कि साल 2024 में जो चुनाव होगा उसमें पता चल जाएगा कि ये किस पार्टी से किसे कहां ले जाते हैं। अभी उनको हमारे खिलाफ जो बोलना है, बोलते रहे। कहा कि मैंने जीतन राम मांझी को धोखा दिया। जब मैंने ही उनको मुख्यमंत्री बनाया था तो क्या धोखा दिया। बीजेपी अब जीतन राम मांझी को अपनी तरफ करने में लगी है। बीजेपी जानती है कि मांझी इधर उधर नहीं जाएंगे। इनका जो मन में आया बोलते रहते हैं। नीतीश ने कहा कि बिहार के विकास के लिए कोई काम किया है क्या?
इन लोगों ने 2015 में घोषणा की थी जब शुरू में हम एक साथ थे, तब कहा था कि हम बिहार की मदद करेंगे। आज तक कुछ नहीं किया जो केंद्र की योजनाएं है, जो हर राज्य में उनको करना है, यही उनकी मदद है। बिहार के लिए कुछ नहीं कर रहे।।आठ साल में केंद्र की तरफ से मात्र 69 लाख मिला है, करोड़ों मिलने थे। पूर्णिया में एयरपोर्ट के लिए मैं कितनी बार आया, लेकिन नहीं बना। हम जमीन देने के लिए तैयार हैं। वो कुछ शुरू नहीं कर रहे। बस आकर उनको बोलना है, करना कुछ नहीं है।
सात दल एकजुट होकर बीजेपी का सफाया करेंगे
सीएम ने कहा कि जो काम राज्य सरकार कर रही उसके लिए कितनी मैंने मीटिंग की, उन्होंने आज तक कुछ नहीं किया है। बस वो बोलते रहते हैं। करना किसको है जी, उनको ही करना है। हमलोग अपनी तरफ से बिहार की विकास के लिए एक एक काम कर रहे। तेजस्वी बोले हैं विकास का काम चलता रहेगा और हर काम का देख रेख जारी रहेगा। सात पार्टी एक साथ हैं। इनको बता दिया कि 10 लाख लोगों को नौकरी देंगे। आगे काम करने का मौका मिले, ये हमारा लक्ष्य है।
अटल जी और आडवाणी की भी नहीं सुने तो हम अलग हो गए
उन्होंने कहा कि सभी पार्टी के लोग जान लें कि हम तो इनके साथ हो गए थे, लेकिन तब अटल जी मदद करते थे। 2013 में मैंने कहा कि अटल जी बीमार हैं तो आडवाणी जी को पीएम बनाओ लेकिन वो मानें नहीं। किसी और को बना दिया तो हम उनसे अलग हो गए। मेरी एक ही ख्वाहिश है कि बीजेपी को मात देना है। हम लोग एकजुट हो जाएं. बिहार में चुनाव होगा तो उनको कुछ नहीं मिलने वाला है।
ये भाजपा वाले अपने ही लोगों को नहीं करते याद,
नीतीश कुमार ने कहा कि ये तो बीजेपी वाले अपने नेताओं को ही नहीं याद करते। अटल जी, अरुण जेटली, आडवाणी… किसी का नाम नहीं लेते हैं। ये किसी के नहीं हैं। इनके पास अनुभव नहीं है। मेरे बारे में कहते हैं कि जॉर्ज फर्नांडिस को धोखा दिया। हम तो उस वक्त जनता दल में ही थे तो कैसे धोखा दिया? ये जो उन्होंने कहा कि हम उनके खिलाफ हैं, हम तो उनके ही साथ थे। उन्होंने कहा कि जब वो अलग हुए थे तो उनको फोन आया था, लेकिन मैंने कहा था कि मैं बात नहीं करूंगा।
हंगामा कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों पर भड़के
वहीं, रैली में कुछ शिक्षक अभ्यर्थी हंगामा कर रहे थे तो नीतीश भड़क गए। नीतीश ने कहा कि किसके बहकावे में आ गए हो? यहां हल्ला मत करो। तुम लोग की मदद करेंगे। शिक्षकों की नियुक्ति हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *