सांसद बैद्यनाथ राम को इस्पात मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति में मिली जगह
रांची : राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम को केंद्र सरकार ने इस्पात मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति का सदस्य नामित किया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में विभिन्न मंत्रालयों की परामर्शदात्री समितियों के लिए राज्यसभा के पांच सांसदों को नामित किया गया है।
अधिसूचना के अनुसार सांसद प्रकाश चिक बड़ाइक को रेल मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति, सुखेंदु शेखर रे को वित्त मंत्रालय तथा सुष्मिता देव को पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति का सदस्य बनाया गया है। वहीं संजय कुमार झा को वित्त मंत्रालय की समिति में स्थायी विशेष आमंत्रित सदस्य (पीएसआई) के रूप में नामित किया गया है।
राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम को इस्पात मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति में सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है। इन समितियों का उद्देश्य संबंधित मंत्रालयों के कार्यों, योजनाओं और नीतिगत विषयों पर सांसदों के साथ विचार-विमर्श करना है।
अधिसूचना में वित्त मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति के स्थायी विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में नामित संजय कुमार झा के संबंध में स्पष्ट किया गया है कि उन्हें समिति की बैठकों में शामिल होने के लिए किसी प्रकार के यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ते (टीए/डीए) का भुगतान नहीं किया जाएगा। यह प्रावधान संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुरूप लागू होगा।


