उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और राज्यपाल संतोष गंगवार ने उलिहातु में बिरसा मुंडा के वंशजों से की मुलाकात, किया सम्मानित
खूंटी:: भारत के उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन एवं झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का शनिवार को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी जिले के उलिहातु पहुंचे। हेलीपैड पर जिला प्रशासन द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उपराष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उपायुक्त आर. रॉनिटा एवं पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
इसके बाद उपराष्ट्रपति और राज्यपाल उलिहातु स्थित भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों गणमान्य अतिथियों ने बिरसा मुंडा के वंशजों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति ने वहां उपस्थित बच्चों से भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात वे बिरसा कॉम्प्लेक्स पहुंचे, जहां पुनः भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और स्थानीय ग्रामीणों से भी मुलाकात की।
इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, उपराष्ट्रपति के सचिव अमित खरे सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।



