स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए चयनित स्वयंसेवक मोहम्मद गुलजार अली को कुलपति ने किया रवाना
भागलपुर।.तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक मोहम्मद गुलजार अली का चयन स्वतंत्रता दिवस समारोह, 15 अगस्त 2025, के लिए भारत सरकार द्वारा विशेष अतिथि के रूप में किया गया है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उन्हें नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में भाग लेने के लिए विश्वविद्यालय परिसर से विधिवत रवाना किया गया।
स्वयंसेवक को रवाना करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. जवाहर लाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और अनुशासित एवं गरिमामयी भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की उपलब्धियों को “अतुल्य, अविस्मरणीय एवं अद्भुत” बताते हुए इसकी प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति महोदय ने स्वयंसेवक गुलजार अली से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनका परिचय जाना और उनके कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मोहम्मद इरशाद अली को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस अवसर पर श्रीमंत मुखोपाध्याय तथा मोहम्मद शाहिद ने भी स्वयंसेवक को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने कुलपति को बताया कि स्वयंसेवक का चयन “माय भारत पोर्टल” पर पंजीकरण, NSS में दो वर्षों की सक्रिय सेवा, और विश्वविद्यालय स्तर पर जारी किए गए NSS प्रमाण-पत्र के आधार पर किया गया है। उल्लेखनीय है कि बिहार-झारखंड से चयनित तीन स्वयंसेवकों में से एक तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय से हैं, जो विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
कुलपति महोदय ने “माय भारत पोर्टल” के नोडल पदाधिकारी डॉ. राहुल कुमार को निर्देश दिया कि वे अधिकाधिक छात्रों को पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि छात्रों को ऑनलाइन प्रशिक्षण, अनुभवात्मक प्रशिक्षण एवं बायोडाटा निर्माण जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सके, इसके लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
इस अवसर पर “विकसित भारत युवा कनेक्ट” कार्यक्रम के आयोजन की भी चर्चा हुई। कुलपति महोदय ने निर्देशित किया कि यह कार्यक्रम अब अगस्त के तीसरे सप्ताह में आयोजित किया जाए, जो पूर्व निर्धारित 12 अगस्त को होना था। उन्होंने बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखते हुए इसका आयोजन मारवाड़ी महाविद्यालय के महिला प्रभाग में करने का निर्देश दिया।



