बर्लिन हॉस्पिटल में महिला मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप,अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को बताया निराधार, पोस्टमार्टम की दी सलाह

रांची: राजधानी रांची के हरमू स्थित बर्लिन हॉस्पिटल में ब्रेन हेमरेज से पीड़ित एक महिला मरीज की मौत के बाद शुक्रवार को अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।महिला मरीज का नाम चंद्रमनी देवी था जो धनबाद की रहने वाली थी। मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही तथा आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि मरीज की मौत तीन दिन पहले ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने बिल बनाने और पैसे वसूलने के उद्देश्य से इसकी सूचना देर से दी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन पार्थिव शरीर सौंपने से इनकार कर रहा है और इसके बदले दो लाख रुपये की मांग की जा रही है। परिजनों के अनुसार, मरीज को पहले रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां से बेहतर इलाज की सलाह देते हुए बाहर ले जाने को कहा गया। इसके बाद मरीज को बर्लिन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
परिजनों ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑपरेशन की आवश्यकता बताकर बड़ी रकम जमा कराई। बाद में फिर से दो लाख रुपये जमा करने को कहा गया, जबकि उस समय मरीज की हालत अत्यंत गंभीर थी। आरोप है कि मरीज की मृत्यु के बाद भी उसे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखकर परिजनों को गुमराह किया गया। परिजनों ने यह भी दावा किया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत राशि की कटौती हो चुकी है, इसके बावजूद अस्पताल अतिरिक्त भुगतान की मांग कर रहा है।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। डॉक्टरों का कहना है कि मरीज की स्थिति शुरू से ही बेहद नाजुक थी और एक जनवरी को ही उसकी मौत हो गई थी, जिसकी जानकारी परिजनों को उसी समय दे दी गई थी। अस्पताल ने स्पष्ट किया कि इलाज के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है। डॉक्टरों ने यह भी कहा कि यदि परिजनों को किसी तरह की शंका है तो वे पोस्टमार्टम करा सकते हैं।स्थानीय अरगोड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर मरेजों को समझने का प्रयास में लगी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *