सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर रांची में पदयात्रा और विविध कार्यक्रमों की तैयारी, केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने दी जानकारी

गणादेश,रांची : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर देशभर में व्यापक कार्यक्रमों की तैयारी चल रही है। इसी क्रम में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने शनिवार को रांची स्थित केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों से संवाद किया।उन्होंने बताया कि युवा कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में MY Bharat संगठन द्वारा Sardar@150 समारोह के तहत रांची लोकसभा क्षेत्र में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पदयात्रा, युवा संवाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरूकता अभियान शामिल होंगे।संजय सेठ ने कहा कि “सरदार पटेल ने आज़ादी के बाद देश की एकता, अखंडता और श्रेष्ठता को बनाए रखने में जो ऐतिहासिक भूमिका निभाई, वह देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। पूरा राष्ट्र उनके प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करता है।”उन्होंने आगे कहा कि सरदार पटेल का “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का सपना आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य की ओर साकार होता दिख रहा है। यह कार्यक्रम इसी संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम बनेगा।राज्यमंत्री ने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को सरदार पटेल के आदर्शों से जोड़ना और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।इस अवसर पर MY Bharat की राज्य निदेशक ललिता कुमारी, वरिष्ठ भाजपा नेता बालमुकुंद सहाय, प्रो. ब्रजेश कुमार और गौरव अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *