पारस एचईसी हॉस्पिटल में प्लेसेंटा परक्रेटा के दो जटिल ऑपरेशन सफल
रांची : पारस एचईसी हॉस्पिटल में ब्लैडर इन्वेज़न के साथ प्लेसेंटा परक्रेटा के दो अत्यंत जटिल और हाई-रिस्क ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए। इन सर्जरी का नेतृत्व वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ रितिका पाठक ने किया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार दोनों मरीजों का पहले सीज़ेरियन ऑपरेशन हो चुका था और गर्भावस्था के दौरान उनमें प्लेसेंटा परक्रेटा की पहचान हुई थी। यह ऐसी गंभीर स्थिति है, जिसमें प्लेसेंटा गर्भाशय की दीवार को भेदते हुए यूरिनरी ब्लैडर तक फैल जाता है। इससे अत्यधिक रक्तस्राव और मातृ मृत्यु का खतरा बना रहता है।
डॉ रितिका पाठक ने बताया कि ऑपरेशन की जटिलता के कारण कई अस्पतालों ने इलाज से इनकार कर दिया था। इसके बाद पारस एचईसी हॉस्पिटल में मल्टीडिसिप्लिनरी टीम की मदद से ऑपरेशन की तैयारी की गई। इसमें एनेस्थीसिया, क्रिटिकल केयर, ब्लड बैंक, यूरोलॉजी और नवजात शिशु देखभाल टीम शामिल रही।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षित सीज़ेरियन डिलीवरी के बाद सीज़ेरियन हिस्टेरेक्टॉमी और आंशिक सिस्टेक्टॉमी की गई। दोनों मरीजों की स्थिति स्थिर रही और पांच दिनों के भीतर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने इसे झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।



