उपायुक्त ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन एवं पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर दिए निर्देश
खूँटी : उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला खेल एवं पर्यटन विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल एवं पर्यटन विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
खेल विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने खूँटी प्रखंड के कमन्ता इनडोर स्टेडियम निर्माण एवं रनिया प्रखंड के बेलसियागढ़ में प्रखंड स्तरीय स्टेडियम निर्माण कार्य की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण कराने एवं हैंडओवर लेकर स्टेडियमों का संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित एवं विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम एवं डे बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र, खूँटी के संचालन एवं सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की गई। वहीं हेल्थ क्लब, खूँटी के बेहतर संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पंचघाघ, पेरवाघाघ, पांडा पुडिंग एवं उलिहातू जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से विकसित करने का निर्देश दिया, ताकि जिले में पर्यटन को बढ़ावा मिल सके तथा पर्यटकों के ठहराव की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के भी निर्देश दिए।ㅤ
बैठक में जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी, संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



