खूंटी: तोरपा मुख्य सड़क पर बनई नदी के डाइवर्सन में फंस रही गाड़ियां, आवागमन में परेशानी
खूंटी: जिले की तोरपा मुख्य सड़क पर स्थित बनई नदी पर बने अस्थायी डाइवर्सन में लगातार गाड़ियां फंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह डाइवर्सन पेलोल पुल बारिश में क्षतिग्रस्त होने के कारण अस्थायी रूप से बनाया जा रहा है, ताकि लोगों का आवागमन जारी रह सके, लेकिन अब यह स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है।
बारिश के कारण नदी में पानी का स्तर बढ़ गया है और डाइवर्सन की स्थिति जर्जर हो गई है। कीचड़ और गड्ढों की वजह से बाइक, कार और छोटे मालवाहन वहां फंस जा रहे हैं। रोजाना कई वाहन चालक घंटों परेशान हो रहे हैं, जिससे यातायात बाधित हो रहा है। खासकर स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि डाइवर्सन की स्थिति बेहद ही खराब है। प्रशासनिक लापरवाही की वजह से यह समस्या और गंभीर होती जा रही है। कई बार संबंधित विभाग से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। डाइवर्सन पर फिसलन भी बढ़ गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द बनई नदी पर पक्का पुल बनाया जाए या फिलहाल डाइवर्सन की मरम्मत कर उसे सुरक्षित और टिकाऊ बनाया जाए। जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक यह क्षेत्र आवागमन की दृष्टि से संकट में रहेगा। प्रशासन को शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके।



