11 सितंबर की हड़ताल के बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल

रांची ::बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का अगला चरण 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को होने वाली तीन दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल के रूप में सामने आएगा। इससे पहले 11 सितंबर 2026 को एक दिवसीय अखिल भारतीय हड़ताल हो चुकी है। इसके बावजूद पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने सहित अन्य लंबित मुद्दों पर ठोस समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन को आगे बढ़ाया जा रहा है।
झारखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ के महासचिव नितेश कुमार मिश्रा ने कहा कि 11 सितंबर की एक दिवसीय हड़ताल के बाद अब 28 से 30 सितंबर तक लगातार तीन दिनों की अखिल भारतीय हड़ताल होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक कर्मचारी भी इस देशव्यापी आंदोलन में पूरी मजबूती के साथ शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि आंदोलन की प्रमुख मांग पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना है। इसके साथ PLI व्यवस्था से जुड़े मुद्दे को लेकर यूनियनों की आपत्तियों तथा अन्य लंबित सेवा संबंधी मुद्दों का भी समाधान आवश्यक है। UFBU ने PLI योजना को वापस लेने तथा यूनियनों के साथ द्विपक्षीय चर्चा के माध्यम से इसमें आवश्यक संशोधन की मांग उठाई है। सरकार ने फिलहाल PLI योजना को abeyance में रखने का निर्णय लिया है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि 28, 29 एवं 30 सितंबर की तीन दिवसीय हड़ताल के बाद भी यदि लंबित मांगों पर सकारात्मक एवं ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन अखिल भारतीय बैंक हड़ताल शुरू की जाएगी। यह कार्यक्रम UFBU द्वारा घोषित आंदोलन के अगले चरण का हिस्सा है।
महासचिव नितेश कुमार मिश्रा ने कहा, “11 सितंबर की एक दिवसीय हड़ताल के बाद अब संघर्ष का अगला चरण तीन दिवसीय हड़ताल है। यदि इसके बाद भी हमारी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल के लिए बैंक कर्मचारी बाध्य होंगे।”
उन्होंने कहा कि 28 से 30 सितंबर की हड़ताल UFBU के आह्वान पर अखिल भारतीय स्तर पर होगी। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के साथ क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के कर्मचारी भी इस आंदोलन में शामिल हैं। AIRRBEA ने भी UFBU की मांगों का समर्थन करते हुए क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में तीन दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया है।
झारखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ ने कहा कि वह AIRRBEA एवं UFBU के आह्वान पर चलाए जा रहे देशव्यापी बैंक कर्मचारी आंदोलन के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। सभी कर्मचारियों से 28, 29 एवं 30 सितंबर को पूर्ण एकजुटता, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ हड़ताल को सफल बनाने की अपील की गई है।
इस आंदोलन को UFBU से जुड़े बैंक कर्मचारी संगठनों के साथ-साथ विभिन्न कर्मचारी एवं समर्थक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। राष्ट्रीय समन्वय समिति पेंशनर्स एसोसिएशंस (NCCPA) ने भी 28–30 सितंबर की हड़ताल तथा प्रस्तावित अनिश्चितकालीन आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया है।
महासचिव नितेश कुमार मिश्रा ने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही इस संघर्ष की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी कर्मचारी साथियों से तीनों दिनों की हड़ताल को पूरी तरह सफल बनाने तथा लंबित मांगों के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *