डोरंडा में महाशिवरात्रि पर शिवमय हुआ इलाका, भव्य शिव बारात ने बांधा समां*
रांची :महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर डोरंडा क्षेत्र इस वर्ष श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के अद्भुत संगम का साक्षी बना। कुसाई कॉलोनी से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निकली भव्य शिव बारात शोभायात्रा कुसाई एवं कुम्हार टोली होते हुए छप्पन सेट कॉलोनी में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” के जयघोष, आकर्षक झांकियों, ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तों के नृत्य ने वातावरण को शिवमय बना दिया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सामूहिक भजन-कीर्तन ने आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया और उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी आलोक कुमार दूबे ने शोभायात्रा का स्वागत करते हुए चुनरी भेंट कर श्रद्धालुओं का सम्मान किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महाशिवरात्रि केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मकता को सुदृढ़ करने का संदेश भी देती है। उन्होंने भगवान शिव के आदर्शों—त्याग, करुणा और सेवा—को जीवन में आत्मसात करने की अपील की।
छप्पन सेट में शिव बारात आयोजन समिति के अध्यक्ष गौतम दूबे गोपी के सौजन्य से शिव मंदिर को सजाया गया था और बाबा भोले का भव्य श्रृंगारी भी किया गया था। महिलाओं द्वारा सामूहिक गीत एवौ संध्या छ बजे आरती किया गया।
आयोजन के अंत में भगवान शिव को प्रसन्न करने हेतु विशेष पूजन-अर्चन किया गया। पूजन के उपरांत प्रसाद श्रद्धापूर्वक भक्तों के बीच वितरित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और उत्साह का संतुलित समन्वय देखने को मिला। महाशिवरात्रि के इस भव्य आयोजन को लेकर डोरंडा क्षेत्र में विशेष प्रसन्नता और धार्मिक उमंग स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन में मनोज सिंह,मेहुल दूबे,राकेश पाण्डेय,अमोल कुमार,उदय मिश्रा,दिलीप पांडेय,दिलीप कुमार,कुसाई शिव बारात आयोजन समिति के विक्की कुमार,गोलू वर्मा,अनिकेत कुमार, महेन्द्र प्रसाद,रितेश कुमार,बबलू कुजूर,माधो कच्छप,विमल कच्छप , प्रकाश सिंह मुख्य रुप से उपस्थित थे।



