तुपुदाना में कुबेर कोयलांचल शांति सेना के तीन अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद

गणादेश,रांची: रांची पुलिस ने तुपुदाना क्षेत्र में कुबेर कोयलांचल शांति सेना के तीन सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। 13 अक्टूबर की रात सतरंजी ब्रिज के पास तुपुदाना ओपी प्रभारी ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया। आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस और सशस्त्र बलों की संयुक्त कार्रवाई में उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कमर में लोडेड 7.65 एमएम का देशी पिस्तौल बरामद हुआ, जिसमें पांच जिंदा गोलियां थीं।

पकड़े गए अपराधी ने खुद को संगठन का सदस्य बताया और जानकारी दी कि उसके दो साथी बालसीरिंग पहाड़, तुपुदाना रिंग रोड में शराब पी रहे हैं। ये अपराधी हाल ही में डोरडा थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल थे।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर, रांची के नेतृत्व में छापामारी दल ने बालसीरिंग पहाड़ का घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अफताब आलम (24 वर्ष) के पैर में गोली लगी। अंततः तीनों अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से हथियार, जिंदा गोलियां और खोखा बरामद किए गए। ये सभी सुजीत सिन्हा के संगठन कुबेर कोयलांचल शांति सेना के सदस्य हैं और क्षेत्र में विभिन्न आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। कार्रवाई से तुपुदाना और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *