आलोक गिरोह के दो सक्रिय अपराधी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

रांची: 12 अक्टूबर की शाम रांची पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आलोक गिरोह के दो सक्रिय अपराधी लेवी वसूलने और किसी गंभीर घटना को अंजाम देने के लिए मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र के डेगा डेगी नदी के पास स्थित ईंट भट्ठा के समीप आने वाले हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक, खलारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस दल ने गुप्त तरीके से स्थान पर एम्बूस लगाकर अपराधियों का इंतजार किया। इसी दौरान जागृति विहार की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार प्रभात कुमार राम और संजय कुमार दास पहुंचे। दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान प्रभात के पास 09 एमएम का लोडेड पिस्तौल और संजय के पास देशी पिस्तौल समेत अन्य सामान बरामद हुआ।

गिरोह का सरगना राहुल तुरी उर्फ आलोक पहले पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था, जिसके बाद गिरोह का संचालन जेल में बंद सदस्य आकाश करमाली के नाम से किया जा रहा था। यह गिरोह व्यवसायियों, ईंट भट्ठा मालिकों और कोयला काम करने वालों से धमकी देकर लेवी वसूलता था। प्रभात कुमार राम पहले भी कई संगीन अपराधों में जेल जा चुका है।

गिरफ्तार अपराधी प्रभात के निशानदेही पर पुलिस कोनका जंगल गई, जहां लूटी हुई मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसी दौरान प्रभात ने एक पुलिसकर्मी का सरकारी पिस्तौल छीनकर फायर किया। पुलिसकर्मियों ने बचाव में जवाबी फायर किया, जिसमें दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगी। उन्हें रिम्स रांची में इलाज के लिए भेजा गया और सरकारी पिस्तौल बरामद कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *