कर्रा में अमर शहीद विश्वनाथ कच्छप फुटबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न, विजेता टीम को मिला 50 हजार का पुरस्कार
खूंटी : कर्रा प्रखंड के बरमजा कसीरा फुटबॉल मैदान में गुरुवार को अमर शहीद विश्वनाथ कच्छप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बड़े ही उत्साह और जोश के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया उपस्थित हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अमर शहीद विश्वनाथ कच्छप की शहादत हमेशा युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। इसी कड़ी में कर्रा प्रखंड चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही बरमजा कसीरा फुटबॉल मैदान का सौंदर्यकरण कर खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।
फाइनल मैच के समापन पर विजेता टीम को 50-50 हजार रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। उपविजेता टीम को 30-30 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। वहीं प्रतिभागियों को उत्साहित करने के लिए सांत्वना पुरस्कार के तौर पर 5-5 हजार रुपये भी वितरित किए गए। पुरस्कार वितरण के दौरान मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिला।
मौके पर अशोक भगत, बरमजा मुखिया अनुप कुजूर, आयोजक समिति के अध्यक्ष मंसना सुखराम, कपिल कुजूर, विनोद मनोज पाहन और पवन कुमार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अमर शहीद विश्वनाथ कच्छप की धर्मपत्नी जानकी कच्छप और उनके छोटे भाई सुखनाथ कच्छप को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। ग्रामीणों ने शहीद के योगदान को याद करते हुए उनके नाम पर हर वर्ष इस प्रतियोगिता को आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।



