निषिद्ध मादक पदार्थों” के विरुद्ध मैराथन दौड़ में काफी संख्या में युवाओं ने लिया भाग

खूँटी: 10 जून से जिले में “निषिद्ध मादक पदार्थों” के विरुद्ध चल रहे अभियान के तहत आज अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ निषेध और तस्करी रोकथाम दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन खूंटी के तत्वावधान में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से “मैराथन दौड़” का आयोजन किया गया। यह दौड़ आज प्रातः बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, खूंटी से प्रारंभ हुई।
पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो एवं उप विकास आयुक्त आलोक कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। इस दौड़ में जिले भर से आए खिलाड़ी, स्कूली बच्चे, पुलिस के जवान, आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 2-3 किलोमीटर की दूरी तक चली इस मैराथन ने समाज को नशामुक्ति का सशक्त संदेश दिया।
प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता निम्नलिखित रहे:
🔸 छोटे बच्चों की स्पेशल टीम:

समर्पण प्रधान – प्रथम स्थान

समीक्षा प्रधान – द्वितीय स्थान

अयांश होरो – तृतीय स्थान

🔸 गर्ल्स टीम:

संगीत मरांडी – प्रथम स्थान

सपना बरला – द्वितीय स्थान

रेबेका तिर्की – तृतीय स्थान

🔸 बॉयज टीम:

मैनुएल कंडुलना – प्रथम स्थान

अनुज कुमार महतो – द्वितीय स्थान

अमरजीत कुमार – तृतीय स्थान

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मनीष टोप्पो ने कहा, “नशा न केवल व्यक्ति बल्कि उसके पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। हम सभी का कर्तव्य है कि हम अपने परिवार और दोस्तों को भी इसके दुष्प्रभावों से अवगत कराएं। प्रशासन हर प्रकार की सहायता हेतु सदैव तत्पर है। इस अभियान को केवल एक कार्यक्रम न समझें, बल्कि इसे अपने व्यक्तिगत जीवन में अपनाएं।”

उप विकास आयुक्त श्री आलोक कुमार ने कहा, “इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना और उन्हें एक स्वस्थ समाज निर्माण के लिए प्रेरित करना है। हमें अपने आसपास के समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाना है। सभी प्रतिभागियों और सहभागियों को धन्यवाद जिन्होंने इस अभियान को सार्थक बनाया।”

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी को शपथ के माध्यम से दिए गए संदेश को जन जन तक पहुंचाने का अपील किया गया।
इस दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, आम नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *