सिमडेगा के आमों की मिठास अब सात समंदर पार, लंदन रवाना हुई आम्रपाली आम की पहली खेप
रांची: झारखंड के सुदूरवर्ती जिले सिमडेगा ने कृषि निर्यात के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित उच्च गुणवत्ता वाले आम्रपाली आम की पहली व्यावसायिक खेप यूनाइटेड किंगडम के लंदन के लिए रवाना की गई है। यह उपलब्धि राज्य के किसानों, विशेषकर महिला किसानों की मेहनत और सरकारी प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
कोरोना महामारी के दौरान ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई बिरसा हरित ग्राम योजना आज किसानों के लिए आय का बड़ा स्रोत बन गई है। वर्ष 2019-20 से 2024-25 के बीच सिमडेगा जिले के 12 हजार से अधिक किसानों ने करीब 10,500 एकड़ भूमि पर आम्रपाली, मल्लिका और लंगड़ा आम की बागवानी की। पिछले वर्ष उत्पादन अधिक होने के बावजूद किसानों को बाजार की कमी के कारण उचित मूल्य नहीं मिल पाया था, लेकिन इस बार जिला प्रशासन ने खरीदार-विक्रेता बैठकें आयोजित कर बेहतर बाजार उपलब्ध कराया।
निर्यात की प्रक्रिया को सफल बनाने में APEDA के तकनीकी सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्पादन और पैकिंग सुनिश्चित करने के लिए किसानों, विशेषकर महिलाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया गया। जिले की 7,500 सखी मंडलों से जुड़ी लगभग 93 हजार महिलाओं को इस पहल से नया आर्थिक अवसर मिला है। पहली 1.32 टन की खेप के निर्यात में महिला जागृति फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और बेउरा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने प्रमुख भूमिका निभाई।
सिमडेगा ने इस सीजन में 81 टन आम के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विपणन का लक्ष्य रखा है। जल्द ही यूके और यूरोप के लिए अन्य खेपें भी भेजी जाएंगी। इसके अलावा घरेलू बाजार में रिलायंस मार्ट के साथ भी विपणन व्यवस्था विकसित की गई है। भविष्य में रागी और इमली के निर्यात की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
राज्य स्तर पर बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत अब तक 1.86 लाख एकड़ क्षेत्र में बागवानी विकसित की जा चुकी है, जिससे 2.15 लाख ग्रामीण परिवारों को स्थायी आजीविका मिली है। सरकार का अनुमान है कि इस वर्ष 52 हजार एकड़ हार्वेस्ट-रेडी क्षेत्र से लगभग 50 हजार मीट्रिक टन फल उत्पादन होगा, जो झारखंड को फल निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



