डीजे बजा तो रद्द होगा लाइसेंस, दुर्गा पूजा सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त
धनबाद: दुर्गा पूजा के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी उपस्थित थे।बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, रात्रि गश्ती तथा चोरी व गृहभेदन की घटनाओं पर रोकथाम को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन व्यवस्था तथा महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश एवं निकास द्वार अनिवार्य किए गए हैं। साथ ही सहायता केंद्र स्थापित कर पुलिस, अस्पताल, अग्निशमन व अन्य आवश्यक सेवाओं के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक किसी भी पूजा समिति द्वारा डीजे का उपयोग किए जाने पर उसका लाइसेंस तत्काल रद्द कर दिया जाएगा। संबंधित समिति के पदाधिकारियों, साउंड ऑपरेटर के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त किया जाएगा।चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिले को आठ जोन तथा तीन सुपर जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक रात नोडल अधिकारी, डीएसपी व एसडीपीओ स्तर के अधिकारी गश्ती व्यवस्था की निगरानी करेंगे। वहीं एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी भी स्वयं क्षेत्र भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण करेंगे। बैठक में आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों का अगले दो माह में निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।


