CM हेमंत सोरेन ने इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का किया उद्घाटन
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2026 में झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड हर वर्ष इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। इस वर्ष भी राज्य सरकार के विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों, योजनाओं और विकासात्मक पहलों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इस बार झारखंड पवेलियन की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसके माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उद्यमिता को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जा रहा है।
पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों तथा उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली।
इस वर्ष IITF-2026 में झारखंड को फोकस स्टेट के रूप में भागीदारी का अवसर मिला है। पवेलियन में महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने तथा स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहित करने की पहल को विशेष स्थान दिया गया है। विभिन्न विभागों की ओर से राज्य की उपलब्धियों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा, उद्योग निदेशक विशाल सागर सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।




