मुरहू प्रखंड में ‘आदि कर्मयोगी योजना’ का पहला केंद्र शुरू, गांव विकास की नई पहल

गणादेश,खूंटी: मुरहू प्रखंड के बांदे गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में शुक्रवार को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी आदि कर्मयोगी योजना के तहत जिले का पहला केंद्र शुरू किया गया। इसका उद्घाटन उप प्रमुख अरुण साबू ने किया।
इस मौके पर आईटीडीए डायरेक्टर आलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, प्रखंड अंचलाधिकारी शंकर कुमार विद्यार्थी, मुरहू पंचायत की मुखिया ज्योति ढोढराय, प्रभारी प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कर्मा उरांव और पंचायती राज पदाधिकारी मो. मुस्तफा मियां समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों—विशेषकर महिलाओं—को योजना की विस्तृत जानकारी दी। बताया गया कि इस योजना के जरिए ग्रामीण न केवल अपने गांव के लिए विकास योजनाएं स्वयं बना सकेंगे, बल्कि गांव को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाओं से युक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।
उप प्रमुख अरुण साबू ने ग्रामवासियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “गांव की तरक्की में महिलाओं की भागीदारी अहम है। महिलाएं भी ग्रामसभा में शामिल होकर अपने बच्चों और परिवार के उज्ज्वल भविष्य के लिए निर्णय लें।”
वहीं, आईटीडीए डायरेक्टर आलोक शिकारी कच्छप ने प्रशिक्षण की विधि समझाते हुए कहा कि यह योजना गांव के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है।
जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही इस योजना को सफल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। अंचलाधिकारी शंकर कुमार विद्यार्थी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे योजना का लाभ लेकर सड़क, नाली, पानी, स्कूल, स्वास्थ्य और सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करें।
उद्घाटन के बाद जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों को योजना से जुड़ने और गांव के विकास में योगदान देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का समापन ग्राम भ्रमण और संवाद के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *