तपोवन मंदिर के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को रामनवमी महोत्सव के लिए दिया आमंत्रण
रांची: राजधानी रांची में रामनवमी के त्यौहार को लेकर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।आगामी 27 मार्च को शहर के निवारणपुर स्थित प्रतिष्ठित राम जानकी तपोवन मंदिर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रामनवमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।इसी क्रम में बुधवार को तपोवन मंदिर के महंत ओम प्रकाश शरण के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हेमन्त सोरेन से मुलाकात कर उन्हें रामनवमी महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मौके पर मंदिर समिति के सदस्य प्रणय कुमार वर्मा, अयोध्या दास एवं आशुतोष दास शामिल थे।
श्री राम जानकी तपोवन मंदिर के प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए आमंत्रण को मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए राज्यवासियों को रामनवमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं हैं.वहीं ,मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों से अपील की कि वे इस पावन पर्व को सद्भाव, भाईचारा और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं।
इस दौरान तपोवन मंदिर के महंत ओम प्रकाश शरण ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण देने के साथ साथ यह भी आग्रह किया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी राज्य सरकार और जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मंदिर समिति को प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरा श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है ऐसे में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी राज्य सरकार का सहयोग प्राप्त हो जिससे कि राम भक्तों को किसी भी प्रकार का असुविधा ना हो।



