कोसी नदी में डूबे दो युवकों का शव 24 घंटे बाद भी बरामद नहीं हो पाया
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। रविवार को लापता हुए दो युवकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के लगभग 24 घंटे बाद पुलिस ने कोसी नदी के किनारे से एक साइकिल, चप्पल और कुछ कपड़े बरामद किए हैं। यह पूरा मामला जिले के गंगा पार स्थित भवानीपुर थाना क्षेत्र के भ्रमपुर गांव का है।
लापता युवकों की पहचान भ्रमपुर निवासी पिंटू चौरसिया के पुत्र दिलखुश कुमार (14 वर्ष) और महेशखूट निवासी बाल्मीकि चौरसिया के पुत्र राहुल कुमार (15 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों वार्ड नंबर 12 में रहते थे। रविवार की सुबह लगभग 11 बजे दोनों घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चला।
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने भवानीपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मिसिंग (गुमशुदगी) का मामला दर्ज कर लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
सोमवार को परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि कोसी नदी के किनारे एक साइकिल, कपड़े और चप्पल मिले हैं। सूचना मिलने पर भवानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी सामान को अपने कब्जे में ले लिया। शक के आधार पर कोसी नदी में एनडीआरएफ टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अभी तक युवकों का कोई पता नहीं चला है।
लापता युवक के पिता ने बताया कि उनका बेटा रविवार की सुबह लगभग 11 बजे घर से निकला था। जब शाम तक वह वापस नहीं लौटा, तो उन्होंने खोजबीन शुरू की और इसकी सूचना पुलिस को दी। बाद में जानकारी मिली कि नदी किनारे कपड़े और साइकिल पड़े हैं, जिसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और युवकों की तलाश जारी है। आज नदी किनारे से कपड़े और साइकिल बरामद हुए हैं। एनडीआरएफ की मदद से नदी में खोजबीन की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही युवकों को बरामद कर लिया जाएगा।



