जमशेदपुर के केनरा बैंक में 1.10 करोड़ का गबन, केस
रांची : जमशेदपुर के आजादनगर के बामनगोड़ा स्थित केनरा बैंक के कबीर मेमोरियल ब्रांच में 1.10 करोड़ के गबन का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद बैंक के बिष्टुपुर स्थित रीजनल कार्यालय के एम रामानाथन के बयान पर आजादनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
प्राथमिकी में बैंक के पूर्व सीनियर मैनेजर मो. शारिब, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, प्रोब ऑफिसर रिया घोष, सूरज टुडू और तत्कालीन ब्रांच मैनेजर अनुज टोप्पो को आरोपी बनाया गया है।
शिकायत में बताया गया कि बैंक से गोल्ड लोन के नाम पर 12 जून 2024 से 18 जून 2024 के बीच कुल एक करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये का गबन किया गया है। बैंक की ऑडिट में यह गबन सामने आया, जिसके बाद मामला थाना पहुंचा।
इधर, मामले को लेकर आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि बैंक की ओर से शिकायत मिली है। मामले में बैंककर्मियों से पूछताछ भी की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


