महिला सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाएं मुख्यमंत्री: सुदेश महतो

रांची। झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने चाईबासा में हुई घटना पर मुख्यमंत्री से महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की बात करते हुए कहा कि –

“टेकराहातु ,चाईबासा में हुई अमानवीय घटना से मन अत्यंत व्यथित है। झारखंड हमेशा से बेटियों के लिए सुरक्षित प्रदेश रहा है। लेकिन प्रदेश में दुष्कर्म, हत्या और प्रताड़ना की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। निःसंदेह झारखंड इतना असुरक्षित और असंवेदनशील कभी नहीं था। राज्य सरकार अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से विफल रही है।

आजसू पार्टी सरकार से यह मांग करती है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट में इस केस की सुनवाई हो तथा अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। साथ ही साथ महिला सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री ठोस कदम उठाएं।”

साथ ही आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने इस घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि-

“आजसू पार्टी महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार को लगातार आगाह कर रही है। झामुमो महागठबंधन के कार्यकाल में अपराधी बेलगाम हो चुके। आंकड़ें भी यही साबित कर रहें। पिछले 29 महीनों में (2020 से 2022 मई) राज्य में दुष्कर्म की कुल 4079 घटनाएं हुई हैं।

चाईबासा में हुई घटना अति-दुःखद व अति-निन्दनीय है। राज्य सरकार इस घटना को गंभीरता से ले व दोषियों को सख्त सजा दिलाना भी सुनिश्चित करे ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *